डोंगरगढ़ पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस अलर्ट, कुम्हारी से अंजोरा तक 24 घंटे पेट्रोलिंग
कपड़ों और बैग पर लगाए जा रहे रेडियम स्टिकर, सर्विस रोड पर बनाया अलग मार्ग; तीन पालियों में पुलिस बल तैनात









दुर्ग। शारदीय नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पैदल रवाना होने के मद्देनजर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा उपाय किए गए हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक 24 घंटे पेट्रोलिंग की जा रही है।
रात में दूर से दिखाई देंगे पदयात्री
रात्रि के समय सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए यातायात पुलिस पदयात्रियों के कपड़ों और बैग पर रेडियम स्टिकर लगा रही है। इससे वाहन चालकों को अंधेरे में भी पदयात्री दूर से दिखाई दे सकेंगे। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग पर चलने और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पदयात्रियों के लिए अलग रास्ता
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जहां सर्विस रोड उपलब्ध है, वहां उसे पदयात्रियों के आवागमन के लिए अलग किया गया है। जिन स्थानों पर सर्विस रोड नहीं है, वहां बांस-बल्ली और कॉशनरी टेप लगाकर सुरक्षित मार्ग तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों के बीच टकराव की आशंका को कम करना है।
कुम्हारी से अंजोरा तक 24 घंटे निगरानी
पदयात्रा मार्ग पर कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं। ये वाहन पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार सुरक्षा संबंधी निर्देश दे रहे हैं। पदयात्रियों को सड़क के किनारे निर्धारित मार्ग पर चलने और सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पावर हाउस चौक और जेल तिराहे पर विशेष व्यवस्था
यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सही रास्ते पर भेजने के लिए पावर हाउस चौक एवं जेल तिराहे पर पुलिस बीट और PA सिस्टम की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से पदयात्रियों को निर्धारित मार्ग की जानकारी दी जा रही है। वहीं, मार्ग पर लगातार निगरानी रखने के लिए पुलिस बल की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई गई है।
श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने पदयात्रियों से निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने, रात में विशेष सावधानी बरतने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वाहन चालकों से भी कहा गया है कि पदयात्रियों की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में वाहन धीमी गति से चलाएं और सड़क पर विशेष सतर्कता बरतें, ताकि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
