तड़के 4 बजे दुर्ग में पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन, तलवार-गुप्ती, गांजा और संदिग्ध बाइक जब्त
ग्रीन चौक से टिपरापारा तक 100 जवानों की दबिश


दुर्ग। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए मंगलवार तड़के दुर्ग पुलिस ने बड़ा सघन चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से शुरू हुए इस अभियान में थाना मोहन नगर और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्रीन चौक, टिपरापारा, हरणा बांधा और तकिया पारा इलाके में एक साथ दबिश दी। करीब 100 पुलिस जवानों की मौजूदगी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक यदुमणि सिदार और एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों, पुराने अपराधियों, संदिग्ध मकानों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के ठिकानों की सघन जांच की। कई लोगों से पूछताछ की गई और वाहनों की भी व्यापक जांच हुई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान ग्रीन चौक निवासी विकास यादव उर्फ लासा (21 वर्ष) और प्रशांत उर्फ बालू को पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से एक तलवार, धारदार हथियार, गुप्ती, अवैध गांजा और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी विकास यादव उर्फ लासा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रशांत उर्फ बालू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा संदिग्ध मोटरसाइकिल मिलने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। सुबह-सुबह अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पुलिस टीम ने कई घरों और संदिग्ध ठिकानों में दबिश देकर तलाशी ली। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों में डर पैदा करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया।

