तालाब किनारे चला रहा था सट्टे का अवैध कारोबार, नकद, मोबाइल और कार जब्त

दुर्ग। जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टा संचालन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम डोंगरिया के तालाब किनारे एक व्यक्ति सट्टा चला रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से सट्टा संचालन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी सहिर खान, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम रवेलीडीह को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से ₹7,995 नगद, दो मोबाइल फोन, एक कार और सट्टा पट्टी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा और जुआ के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
