असम में चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ के इस कांग्रेस नेता का निधन, पार्टी व परिवार में शोक की लहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बलौदाबाजार के पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश ठाकुर का असम में चुनाव प्रचार के दौरान अचानक निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से कांग्रेस संगठन और समर्थकों में गहरा शोक है।

जानकारी के मुताबिक, रूपेश ठाकुर इन दिनों असम में कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

रूपेश ठाकुर लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े थे और बलौदाबाजार शहर कांग्रेस के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। पार्टी के प्रति उनकी सक्रियता और समर्पण के लिए उन्हें जाना जाता था।

उनके निधन पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रूपेश ठाकुर कांग्रेस के कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता थे, जिनकी अचानक मृत्यु पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। भूपेश बघेल ने यह भी बताया कि वे असम में पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रचार में जुटे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्होंने गुवाहाटी पहुंचकर रूपेश ठाकुर के परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। रूपेश ठाकुर के निधन से कांग्रेस संगठन को एक सक्रिय और जमीनी नेता का नुकसान हुआ है। उनके सहयोगियों और समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया।
