नवरात्रि पर महिला शक्ति की मिसाल: हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण

नवरात्रि पर महिला शक्ति की मिसाल: हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण

भिलाई। नवरात्रि के पावन अवसर पर भिलाई पावर हाउस स्थित श्री श्री श्री माता कांची कामाक्षी मंदिर में पंचमी के दिन सेवा और श्रद्धा का सुंदर दृश्य देखने को मिला। श्री नीलकंठेश्वर चैतन्य सेवा समिति के बैनर तले प्रसाद वितरण कार्यक्रम पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।

इस आयोजन की सबसे खास बात रही महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी। पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी महिला टीम ने संभाली और बेहद अनुशासन, समर्पण और सुव्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरण किया। यह पहल समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देती है।

समिति के अनुसार, इस वर्ष करीब 2500 से 3000 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। लगातार चौथे वर्ष आयोजित यह सेवा कार्य हर बार की तरह इस बार भी सफल रहा। आयोजन को और व्यापक बनाने के लिए मंदिर परिसर के साथ-साथ सेक्टर-05 चौक में भी प्रसाद वितरण किया गया, जिससे ज्यादा लोगों तक सेवा पहुंच सकी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। अध्यक्ष डी. छिन्ना राव, सह सचिव के. संतोष राव और के. यदेशन ने महिला टीम को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। महिला टीम की सदस्य के. रूखमानी, के. ज्योति, के. मोहनी, के. अरावती, के. अंजलि, डी. भानु, डी. पार्वती, डी. पोट्टिअम्मा, यू. यशोदा और सी. लता ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समिति ने सभी महिलाओं के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार जताया और भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया। यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में महिला नेतृत्व और सहभागिता की मजबूत मिसाल भी पेश कर गया।