सूर्या मॉल के पास अवैध पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई, 19 वाहनों के चालान, ठेकेदार पर केस दर्ज

सूर्या मॉल के पास अवैध पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई, 19 वाहनों के चालान, ठेकेदार पर केस दर्ज

भिलाई। जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के आसपास अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होने की शिकायतों पर स्मृतिनगर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे खड़े 19 दुपहिया और चारपहिया वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया गया।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार शिकायत मिल रही थी कि सूर्या मॉल के पास वाहन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े किए जा रहे हैं, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो रहा है और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिकायतों को देखते हुए 15 मार्च को थाना स्मृतिनगर पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान कई दुपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े पाए गए। इस पर पुलिस ने 19 वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।

इसके साथ ही अवैध पार्किंग कर मार्ग अवरुद्ध करने के मामले में सूर्या मॉल के पार्किंग ठेकेदार आशीष के खिलाफ थाना स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 422/2026 के तहत धारा 285 बीएनएस में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। इस कार्रवाई में स्मृतिनगर थाना की पेट्रोलिंग टीम और स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।