जेके लक्ष्मी सीमेंट अहिवारा में गणतंत्र दिवस समारोह, ध्वजारोहण के साथ श्रमिकों का सम्मान


अहिवारा। जेके लक्ष्मी सीमेंट अहिवारा संयंत्र में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इस अवसर पर उन्होंने संयंत्र में कार्यरत कर्मचारियों और श्रमिकों को संबोधित करते हुए जेके लक्ष्मी सीमेंट की चेयरपर्सन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती विनीता सिंघानिया का संदेश और शुभकामनाएं सभी को प्रेषित कीं।

अपने संबोधन में संयंत्र प्रमुख ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीद स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश और प्रदेश की उन्नति के साथ-साथ संयंत्र की प्रगति के लिए सभी को मिलकर ईमानदारी और जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के श्रमिकों, सिक्योरिटी विभाग के जवानों और वाहन चालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सिक्योरिटी विभाग के जवानों ने कर्तव्य प्रदर्शन और परेड प्रस्तुत की, जिसका कर्मचारियों, लेडिस क्लब के सदस्यों और श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

समारोह के अंत में सभी उपस्थितजनों को मिठाई वितरित की गई। कर्मचारियों और लेडिस क्लब के सदस्यों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत, वरिष्ठ महाप्रबंधक संजय सूद, मानव संसाधन विभाग के मनीष तिवारी, सिक्योरिटी विभाग के संतोष कुमार लंका सहित सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
