रिश्तेदार के घर से जेवरात चोरी, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
60 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद, नंदिनी नगर पुलिस की कार्रवाई












दुर्ग। रिश्तेदार के घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में नंदिनी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए करीब 60 हजार रुपये मूल्य के संपूर्ण जेवरात बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेल अली (20), निवासी गौरव नगर, वार्ड क्रमांक 3, जिला बालाघाट, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रवेलीडीह में 14 और 15 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात रूबिना बेगम के घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे। प्रार्थिया ने 15 अक्टूबर को थाना नंदिनी नगर में इसकी शिकायत दर्ज कराई। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदेही की पतासाजी की। जांच में प्रार्थिया के रिश्तेदार सोहेल अली की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के सभी जेवरात बरामद कर जब्त कर लिए गए। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान चोरी गए मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी हुई है।
