बाइक और स्कार्पियो की टक्कर में एक की मौत, 3 गंभीर

बाइक और स्कार्पियो की टक्कर में एक की मौत, 3 गंभीर

भिलाई। एक स्कार्पियो ने बुधवार देर रात 2 बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इससे एक बाइक सवार ओवरब्रिज से नीचे जा गिरा और उसकी मौत हो गई। जबकि 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। 
जानकारी के मुताबिक, रिसाली की ओर से दो बाइक सवार 4 लोग बुधवार देर रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच दुर्ग की ओर जा रहे थे। वे जेल रोड के पास पद्मनाभपुर फ्लाई ओवर पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त था कि एक बाइक सवार उछल कर फ्लाई ओवर से नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य वहीं पुल पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को मॉरच्युरी भिजवाया। मरने वाले युवक की जेब से एटीएम कार्ड मिला है, जिसमें गंगूराम देशलहरे लिखा हुआ है। वहीं घायलों की पहचान विक्रांत, यशवंत कोसले और जय सिंह मरकाम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यशवंत और जय सिंह मध्य प्रदेश के निवासी हैं और यहां पर पोस्टर लगाने का काम करते हैं। पुलिस ने बताया कि स्कार्पियो के पीछे कांग्रेस के हाथ का लोगों लगा हुआ था।