पति का शराब छुड़ाने पत्नी गई तांत्रिक के पास, तलाक भी कराया और 14 से रेप भी

पति का शराब छुड़ाने पत्नी गई तांत्रिक के पास, तलाक भी कराया और 14 से रेप भी

बिलासपुर। महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी व झाड़-फूंक करने वाले तांत्रिक को पुलिस ने चिरमिरी से गिरफ्तार किया है। दरअसल, 14 साल पहले झाड़-फूंक कर पति के शराब की लत छुड़ाने के चक्कर में महिला तांत्रिक के झांसे में आ गई। तांत्रिक ने महिला के पति से तलाक करा दिया और उसे नशीला पदार्थ सूंघाकर दुष्कर्म करने लगा। अब परेशान महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तोरवा थाने का है।

रायपुर जिले में रहने वाली 35 वर्षीय महिला का पति शराब पीने का आदी था। महिला 14 साल पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहती थी। तब उसे मायकेवालों से पता चला कि हेमूनगर में नागेश चंद्र महौत (45 साल) झाड़-फूंक कर शराब पीना छुड़ा देता है। महिला अपने पति की शराब की लत छुड़ाने के लिए सितंबर 2009 में नागेश चंद्र महौत के घर गई। तब उसने उसके पति के शराब पीने की आदत छुड़ाने का दावा किया।

TI फैजूल शाह ने बताया कि महिला ने दो माह पहले थाने पहुंची और बताया कि नागेश चंद्र महौत ने उसे रूमाल से नशीला पदार्थ सूंघाकर बेहोश कर दिया था। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद से डरा धमकाकर वह लगातार शारीरिक संबंध बनाते रहा। उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद नागेश चंद्र ने तीन महीने बाद उसने महिला का पति से तलाक करा दिया। साथ ही उसे पत्नी बनाकर रखने का झांसा दिया। इसके बाद वह महिला को किराए के मकान में रखकर शारीरिक शोषण करने लगा।साल 2009 में हुई इस घटना के तीन-चार साल बाद वह महिला को अपने साथ चिरमिरी लेकर चला गया। वहां ले जाने के बाद वह महिला से मारपीट कर उसे प्रताड़ित करने लगा। उसकी हरकतों से तंग आकर महिला साल 2019 में अपने मायके आई। यहां मायके वालों ने उसके रोजगार की व्यवस्था की।

 महिला के मायके आने के बाद नागेश चंद्र उसके मायके आ गया। यहां उसे धमकी देकर परेशान करने लगा और साथ जाने के लिए दबाव बनाया। उसके डर से महिला दोबारा उसके साथ चिरमिरी चली गई। चिरमिरी ले जाने के बाद उसने महिला को बंधक बनाकर रख लिया और उसे बाहर निकलने भी नहीं दिया। इसके बाद वह फरवरी 2022 में किसी तरह उसके चंगुल से भागकर अपने मायके आ गई। मायके वालों को घटना की जानकारी देने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी नागेश चंद्र की तलाश में जुट गई। चिरमिरी पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि वह दूसरी जगह रहता है। इस दौरान पुलिस ने जबलपुर, कटनी सहित कई जगहों पर उसकी तलाश की, जहां वह पहचान छिपाकर रहता था और पुलिस के पहुंचते ही भाग जाता था। आखिरकार, पुलिस ने उसे चिरमिरी से गिरफ्तार किया है।