एनीकट में डूबा किशोर, तलाश में जुटी गोताखोरों की टीम

एनीकट में डूबा किशोर, तलाश में जुटी गोताखोरों की टीम

राजनांदगांव। शिवनाथ नदी में सोमवार को साथियों संग नहाने गया एक युवक पानी में डूब गया। 17 साल के युवक की पानी में बहने की खबर के बाद गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। उधर पुलिस भी घटनास्थल पर तैनात है। मिली जानकारी के मुताबिक लखोली वार्ड के रहने वाला 17 साल का नागेश्वर ठाकुर अपने दोस्तों के संग धामनसरा स्थित एनीकट में नहाने के लिए गया था। सुबह लगभग 8.30 बजे घर से वह दोस्तों के साथ नहाने की बात कहकर घर से निकला था। नागेश्वर एक साथी के संग एनीकट के नीचे नहाने के लिए उतर गया। वहीं उसके दो दोस्त एनीकट के ऊपर खड़े थे। इस बीच तेज बहाव वाली धार के संग नागेश्वर गहरे पानी में चला गया। बताया जा रहा है कि पानी में उठे बवंडर में वह फंस गया। इसके चलते वह काफी गहरे पानी में चला गया। हादसे के बाद वह लापता है। गोताखोरों की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों की अलग-अलग टीमें धामनसरा एनीकट के आसपास और एक-दो किमी तक खोजबीन में जुटे हुए हैं।