तिहाड़ जेल में गैंगस्टर टिल्लू की हत्या

तिहाड़ जेल में गैंगस्टर टिल्लू की हत्या

नई दिल्ली (एजेंसी)। देश की राजधानी दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों ने कर दी है। 
जानकारी के अनुसार दिल्ली के रोहिणी कोर्ट शूटआउट के आरोपी गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों योगेश टुंडा और अन्य ने तिहाड़ जेल में रॉड से हमला कर मार डाला। जेल अधिकारी टिल्लू को दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर भी पहुंचे, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। 
बताया जाता है कि तिहाड़ जेल की हाई रिस्क वार्ड में ग्राउंड फ्लोर पर टिल्लू ताजपुरिया (33 वर्ष) बंद था। टिल्लू पर सुबह करीब सवा छह बजे जेल में ही बंद चार बदमाशों दीपक उर्फ तीतर, योगेश उर्फ टुंडा, राजेंद्र और रियाज खान ने सुए से हमला किया था। बताया जाता है कि हमलावर चारों ने लोहे की रॉड से सुआ बना रखा था। जेल प्रशासन घायल अवस्था में टिल्लू को अस्पताल ले गया था। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जेल सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया ग्राउंड फ्लोर पर जेल नंबर-9 में बंद था। गोगी गैंग के योगेश टुंडा और दूसरे सदस्य सुबह सवा छह बजे अपने वार्ड की लोहे की ग्रिल काटकर बाहर आए। इसके बाद बेडशीट का उपयोग कर ग्राउंड फ्लोर पर कूद गए। टिल्लू को यहां हाई-सिक्योरिटी वार्ड में रखा था। हमलावर टिल्लू के वार्ड में लगी ग्रिल को काटकर अंदर घुस गए। गोगी गैंग के सदस्यों ने लोहे के नुकीले हथियारों से टिल्लू ताजपुरिया पर हमला किया था। जेल प्रशासन घायल टिल्लू को अस्पताल लेकर पहुंचा, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य घायल रोहित का उपचार चल रहा है। वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।