आकांक्षा दुबे केस में भोजपुरी सिंगर समर सिंह गिरफ्तार

आकांक्षा दुबे केस में भोजपुरी सिंगर समर सिंह गिरफ्तार

वाराणसी (एजेंसी)। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में आरोपी सिंगर समर सिंह को वाराणसी कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार सुबह गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। वो गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी में छिपा हुआ था।
पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए वह गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली और उत्तराखंड में ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था। समर सिंह को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाए जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, प्रकरण के दूसरे आरोपी संजय सिंह की तलाश जारी है। 
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां ने समर सिंह और संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए थे। मधु दुबे ने कोर्ट से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी की मौत की जांच कोर्ट की निगरानी में की जाए ताकि आरोपियों को सजा मिल सके और वो बच न पाएं। 
ज्ञात हो कि 26 मार्च को आकांक्षा का शव सारनाथ स्थित होटल के कमरे में मिला था। बेड पर शव बैठने की स्थिति में था और उनके गले में दुपट्टे का फंदा था।  आकांक्षा दुबे की लाश मिलने के बाद से ही यह माना जा रहा था कि उन्होंने खुदकुशी की है, लेकिन कहानी उस वक्त पलट गई, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई। पुलिस ने अपने बयान में कहा था कि मौत से पहले आकांक्षा ने शराब पी थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका जिक्र नहीं था।