एक महीना पहले हुए सड़क हादसा निकला मर्डर, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

एक महीना पहले हुए सड़क हादसा निकला मर्डर, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। एक माह पूर्व कारली पुलिस पेट्रोल पम्प के पास हुई सड़क दुर्घटना  सुनियोजित तरीके से की गई हत्या निकली। गीदम पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मर्डर को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जप्त कर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि, 22 अगस्त 2022 को पुलिस पेट्रोल पम्प के पास रात्रि 10.30 बजे सड़क हादसे में सुन्दर नामक व्यक्ति की घटनास्थल में ही मौत हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे सउ़क हादसा मानकर जांच कर रही थी। लेकिन जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कमलू कश्यप और मृतक सुन्दर कोर्राम दोनों मिलकर बैला, भैंसा खरीदी-बिक्री का धन्धा करते थे। आरोपी मास्टरमाइंड कमलू कश्यप का लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये का मृतक सुन्दर से उधारी थी।

प्रारंभिक विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी मंजू कोर्राम से पुलिस की पूछताछ में पता चला कि घटना के दिन मृतक सुन्दर कोर्राम मोबाईल में बात करते हुए पत्नी मंजू कोर्राम को पैसे लेने कमलू बुला रहा है कहकर घर से निकला था और फिर काफी देर होने के बाद भी घर वापस नहीं आया तो मृतक सुन्दर को ढूढ़ने निकलने पर पुलिस पेट्रोल पम्प के पास ईमली झाड़ के नीचे सुन्दर की लाश पड़ी हुई थी। जो कि किसी अज्ञात वाहन द्वारा कुचला जाना प्रतीत हो रहा था।

मामला संदेहास्पद प्रतीत होने पर घटना की बारीकी से घटना की विस्तृत विश्लेषण करने पर आरोपी कमलू राम कश्यप के दंतेवाड़ा में उपस्थित होने की सूचना मिली। आरोपी कमलू कश्यप से पुलिस कई बार पूछताछ कर चुकी थी। लेकिन वह पुलिस को निरंतर गुमराह कर रहा था। लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने जो स्वीकार किया वह चौंकाने वाला था। कमलू ने बताया कि मृतक सुन्दर कोर्राम के साथ मिलकर दोनों मिलकर बैला, भैंसा खरीदी-बिक्री का काम करते थे। जिसका हिसाब-किताब स्वयं कमलूराम कश्यप रखता था। पिछले कुछ दिनों से बैला, भैंसा बिक्री की रकम कमलूराम कश्यप अकेले रखकर मृतक सुन्दर को नहीं दे रहा था। आरोपी कमलू कश्यप से लगभग एक लाख साठ हजार रुपये मृतक सुन्दर कोर्राम को लेना था, जिसे वह बार-बार मांग कर रहा था। आरोपी कमलू कश्यप उक्त रकम आज दूंगा, कल दूंगा कहकर सुन्दर को घुमा रहा था।

पैसे की मांग से परेशान होकर आरोपी कमलू कश्यप और उसका रिश्तेदार ड्रायवर दुर्गेश कड़ियाम ने मिलकर सुन्दर कोर्राम को जान से मारने की प्लानिंग की। प्लान के मुताबिक वाहन से कुचलकर मारने से किसी को शक नहीं होगा सोचकर दोनों ने किराये में बुकिंग का वाहन करने का प्लान बनाया और 22 अगस्त को वाहन चालक दुर्गेश कड़ियाम ने अपने दोस्त रोहित कश्यप से पिक-अप वाहन किराए पर ली। इसी वाहन से उसे कुचलकर मार डाला।