दंतेवाड़ा के कसौली कैंप में गूंजा जय श्रीराम, विधि-विधान से हुई श्री हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा


दंतेवाड़ा। श्रावण मास के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) प्रथम बटालियन की बी कंपनी, कैंप कसौली में श्री हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। पूरे दिन चले इस आयोजन में जवानों, अधिकारियों और आसपास के ग्रामीणों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सुंदरकांड पाठ से हुई। इसके बाद भव्य प्रभात फेरी और कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयघोष के साथ क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। पूर्व निर्धारित शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्री हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। धार्मिक अनुष्ठान में पंडितों ने वैदिक रीति से पूजा-अर्चना कर मंदिर में प्रतिमा स्थापित कराई।
दोपहर में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं शाम को हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन और महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर कैंप परिसर पूरी तरह धार्मिक सजावट से सुसज्जित रहा। श्रद्धालुओं ने नवस्थापित श्री हनुमान जी के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बी कंपनी के कंपनी कमांडर घनश्याम सिंह सहित अधिकारियों, जवानों और स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे का भी संदेश दिया।
