घर में चोरी का खुलासा, तीन चोर और जेवर खरीदने वाली महिला गिरफ्तार
1.43 लाख रुपये के सोने के जेवर व नगदी बरामद; तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

भिलाई। पाटन थाना क्षेत्र में एक घर में हुई चोरी की वारदात का दुर्ग पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीन युवक और चोरी का माल खरीदने वाली एक महिला शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने के जेवर एवं नगदी सहित कुल 1 लाख 43 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना पाटन एवं एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए और क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। इसके आधार पर 19 जून 2026 को कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से पूछताछ के दौरान उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद उन्होंने सोने के जेवर रायपुर निवासी एक महिला को बेच दिए थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खरीदार महिला को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक सोने का गुलबंद, एक जोड़ी सोने की एयररिंग तथा 10 हजार रुपये नगद जप्त किए। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1 लाख 43 हजार रुपये आंका गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से चोरी की घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों में मानषु टण्डन (20 वर्ष) निवासी ग्राम तर्रीघाट, अजित बंधेल (21 वर्ष) एवं खिलेश्वर पटेल (23 वर्ष) निवासी ग्राम सावनी, थाना पाटन शामिल हैं। वहीं चोरी का माल खरीदने के आरोप में रायपुर के चंगोराभाठा निवासी सिल्की देवांगन (33 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी का नाम :
1. मानषु टण्डन, उम्र 20 वर्ष, निवासी सतनामी पारा, ग्राम तर्रीघाट, थाना पाटन, जिला दुर्ग।
2. अजित बंधेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सतनामी पारा, ग्राम सावनी, थाना पाटन, जिला दुर्ग।
3. खिलेश्वर पटेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी पटेल पारा, ग्राम सावनी, थाना पाटन, जिला दुर्ग।
4. सिल्की देवांगन, उम्र 33 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा, शीतल मंदिर के पास, थाना राजेन्द्र नगर, जिला रायपुर।
▪️ जप्त सामग्री :
1. एक नग सोने का गुलबंद।
2. एक जोड़ी सोने की एयररिंग।
3. नगदी रकम 10,000 रुपये।
4. कुल जप्त संपत्ति मूल्य लगभग 1,43,000 रुपये।
