फैक्ट्री से केबल वायर चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

फैक्ट्री से केबल वायर चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

दुर्ग। जामुल पुलिस ने फैक्ट्री में घुसकर केबल वायर और अन्य उपकरण चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी किए गए केबल वायर को जलाकर उसमें से धातु निकालकर बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार वैशाली नगर निवासी सरबजीत सिंह ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 जून की रात शंकर नगर छावनी स्थित बी.एस. इंटरप्राईजेस कंपनी से वेल्डिंग केबल, वेल्डिंग लीड और कंट्रोल पैनल चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने संदेही विनोद ठाकुर को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने कंपनी परिसर में घुसकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी किए गए केबल वायर को आग से जलाकर सुलभ शौचालय की छत के ऊपर छिपाकर रखा था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया। जब्त सामग्री में करीब 4 किलो वेल्डिंग केबल, वेल्डिंग लीड और कंट्रोल पैनल शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई गई है।

आरोपी की पहचान

पुलिस ने आरोपी की पहचान 19 वर्षीय विनोद ठाकुर, निवासी तेल्हा नाला के पास, सुलभ शौचालय एचएससीएल कॉलोनी, छावनी के रूप में की है।

चोरी का माल बरामद

वेल्डिंग केबल, वेल्डिंग लीड एवं कंट्रोल पैनल (कुल लगभग 4 किलो)

अनुमानित कीमत : ₹3,200

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से फैक्ट्री से केबल वायर चोरी कर उसे बेचने की योजना बना रहा था।