मवेशियों कत्लखाना ले जाते पशु तस्कर गिरफ्तार, 10.30 लाख की पिकअप जब्त

दुर्ग। अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमधा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर 5 मवेशियों समेत पिकअप वाहन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मवेशियों को क्रूरता पूर्वक वाहन में भरकर महाराष्ट्र के गोंदिया स्थित कत्लखाने ले जा रहा था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र नंबर की एक महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप में गौवंशीय पशुओं का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने राहटादाह चौक स्थित उन्नति आईटीआई के सामने घेराबंदी की। शाम करीब 7 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान वाहन के पीछे तिरपाल से ढंककर 5 मवेशी (3 पड़िया और 2 पड़वा) ठूंसकर भरे हुए मिले। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान 21 वर्षीय दुर्गेश घोरमारे निवासी चिचटोला, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) के रूप में बताई। उसने मवेशियों को बेरला क्षेत्र से लोड कर गोंदिया ले जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस द्वारा परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
जब्त सामग्री
महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक MH 35 AJ 3531, कीमत लगभग 10 लाख रुपये
5 मवेशी (3 पड़िया एवं 2 पड़वा), कीमत लगभग 30 हजार रुपये
पुलिस ने कुल 10.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से पशुओं को कत्लखाने ले जा रहा था।
