भाजपा नेता और पूर्व उपसरपंच ने की आत्महत्या, पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव

दुर्ग जिले का मामला

भाजपा नेता और पूर्व उपसरपंच ने की आत्महत्या, पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र में भाजपा नेता और सेलूद गांव के पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर (50) का शव मंदिर परिसर में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, तारेंद्र बंछोर सेलूद गांव के निवासी थे और भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। वे सांसद Vijay Baghel के समर्थकों में गिने जाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने अपने उपसरपंच कार्यकाल के दौरान बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर का निर्माण कराया था और परिसर में चंपा का पेड़ भी लगाया था। उसी पेड़ पर सोमवार सुबह उनका शव फंदे से लटका मिला।

सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्होंने शव को लटकता देखा और तत्काल उतई पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। उतई पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि जिस मंदिर परिसर को तारेंद्र बंछोर ने अपने कार्यकाल में विकसित कराया था और जिस पेड़ को उन्होंने लगाया था, उसी पेड़ पर उनका शव मिला। इससे गांव में शोक की लहर है।