10.50 करोड़ का गांजा जब्त, 1941 किलो नशीला पदार्थ लेकर जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार

10.50 करोड़ का गांजा जब्त, 1941 किलो नशीला पदार्थ लेकर जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 1941.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक ट्रक उत्तरप्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकेबंदी की। शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में रखी बोरियों से 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान लोकेश शर्मा और आमिर अंसारी के रूप में बताई, जो उत्तरप्रदेश के निवासी हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। बरामद गांजे को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस खेप के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजा सप्लाई चेन का संचालन किस स्तर से किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी

  1. लोकेश शर्मा पिता हरिशचंद शर्मा उम्र 46 वर्ष निवासी जरोधापाड़ा थाना बड़गांव जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश
  2. आमिष अंसारी पिता कल्लू अंसारी, उम्र 23 वर्ष निवासी बड़ीकला थाना छापर जिला मुजफ्फरपुर उत्तर प्रदेश