नारायणपुर पुलिस का वृहद वृक्षारोपण अभियान, 2000 से अधिक पौधे लगाए

नारायणपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नारायणपुर पुलिस ने “माड़ मैत्री” अभियान के तहत भारत सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरित होकर जिलेभर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जनसहभागिता और मातृत्व सम्मान का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुड़िया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों, पुलिस कैंपों और कार्यालय परिसरों में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने मिलकर 2000 से अधिक पौधों का रोपण किया। वहीं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालय परिसरों में पौधारोपण कर हरित और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अभियान की विशेष बात यह रही कि ग्राम गंराजी स्थित लाइवलीहुड कॉलेज में आत्मसमर्पण के बाद प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पूर्व माओवादी भी इसमें शामिल हुए। उन्होंने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। यह पहल समाज की मुख्यधारा से जुड़ाव, सकारात्मक बदलाव और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बनी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुड़िया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक और निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “माड़ मैत्री” अभियान समाज के सभी वर्गों को विकास और सकारात्मक परिवर्तन की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान “विग्रह से विश्वास” की अवधारणा को सशक्त करते हुए पुलिस, स्थानीय समुदाय और आत्मसमर्पण के बाद प्रशिक्षणरत पूर्व माओवादियों के बीच विश्वास, सहभागिता और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बना। नारायणपुर पुलिस ने भविष्य में भी “माड़ मैत्री” अभियान के माध्यम से जनकल्याण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
