20 से 80 फीसदी ब्याज वसूलने वाली सूदखोर महिला गिरफ्तार, लोगों को झूठे केस में फंसाने की देती थी धमकी

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में अवैध सूदखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। लोगों को ऊंचे ब्याज पर रकम उधार देकर प्रताड़ित करने वाली महिला आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों से 20 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक ब्याज वसूल रही थी। रकम वापस करने के बाद भी उनके दस्तावेज और कागजात लौटाए नहीं जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक फरीद नगर निवासी रशीदा बानों ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुपेला निवासी मुस्कान उर्फ तब्बसुम शेख लोगों को ब्याज पर पैसा उधार देती थी और बदले में उनके दस्तावेज अपने कब्जे में रख लेती थी। पीड़ितों से भारी ब्याज वसूलने के बाद भी आरोपी दस्तावेज वापस नहीं करती थी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि दस्तावेज मांगने पर आरोपी गाली-गलौच करती थी और झूठे प्रकरण में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा ललिता हियाल, स्वाधिका रावत समेत अन्य लोगों को भी इसी तरह डरा-धमकाकर परेशान किया जा रहा था।

मामले में सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 634/2026 दर्ज कर धारा 296, 308(2) बीएनएस और कर्जा अधिनियम की धारा 04 के तहत कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान आरोपी मुस्कान उर्फ तब्बसुम शेख (43 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उधारी लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य कागजात भी जब्त किए हैं।
