भिलाई में इस फर्नीचर दुकान में लगी आग, दमकल टीम ने समय पर पाया काबू, बड़ा हादसा टला

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा में सोमवार रात एक फर्नीचर दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 8:30 बजे की है, जब दीपक बंसल की दुकान से आग की लपटें उठने लगीं।

सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। जब दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, तब दुकान के अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी और लपटें बाहर तक दिखाई दे रही थीं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम तुरंत एक्शन में आई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकान के अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा विस्फोट और गंभीर हादसा टल गया।

घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दुकान में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, समय पर कार्रवाई और टीमवर्क की वजह से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और बड़ी घटना होने से बचा लिया गया।

