महावीर जयंती पर सेवा का संदेश: ‘दिशा’ ने बेसहारा बुजुर्गों के बीच बांटी खुशी

महावीर जयंती पर सेवा का संदेश: ‘दिशा’ ने बेसहारा बुजुर्गों के बीच बांटी खुशी

भिलाई। भगवान महावीर जयंती के अवसर पर सामाजिक संस्था “दिशा” ने सेवा और संवेदना की मिसाल पेश की। संस्था के सदस्यों ने सेक्टर-8 स्थित वृद्धाश्रम और सेक्टर-3 में संचालित ‘फील परमार्थ फाउंडेशन’ पहुंचकर वहां रह रहे बेसहारा, मानसिक रूप से कमजोर और उपेक्षित बुजुर्गों के साथ यह पर्व मनाया।

संस्था के सदस्यों ने बुजुर्गों के बीच समय बिताया, उनका हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। इस दौरान अपनापन और संवेदना का ऐसा माहौल बना कि बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान साफ नजर आई। संस्था के शांतनु दासगुप्ता ने कहा कि भगवान महावीर का संदेश “जीवों पर दया ही सबसे बड़ा धर्म है” तभी सार्थक है, जब हम समाज के कमजोर और उपेक्षित वर्ग के बीच जाकर उन्हें सहारा दें।

वहीं, फील परमार्थ फाउंडेशन के केयरटेकर अमन नैय्यर ने संस्था “दिशा” का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल सिर्फ फल वितरण तक सीमित नहीं रही, बल्कि बुजुर्गों को सम्मान और अपनापन देने का एक सशक्त प्रयास रही।

इस सेवा कार्य में नरेश जैन के नेतृत्व में रामानुज राजू, शांतनु दासगुप्ता, नरसिम्हा राव, नीरज और श्रीमती सुनीता जैन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।