भिलाई: दो पास्टर ने नौकरी लगाने पर की 34 लाख की धोखाधड़ी, दुर्ग की महिला कांस्टेबल की शिकायत पर 420 का मामला दर्ज

भिलाई: दो पास्टर ने नौकरी लगाने पर की 34 लाख की धोखाधड़ी, दुर्ग की महिला कांस्टेबल की शिकायत पर 420 का मामला दर्ज

भिलाई। जांजगीर चांपा के पास्टर नूतन कुमार चौहान व उत्तर प्रदेश के पास्टर अंकित सिंह के खिलाफ ठगी का मामला सामने आया है। दुर्ग जिले की महिला आरक्षक ने शिकायत दर्ज कराई है कि, पास्टर ने मंत्री व अधिकारियों से पहुंच का हवाला दिया। उसने उससे व कई अन्य लोगों से बैंक व अन्य सरकारी विभागों में उनके बच्चों व संबंधियों की नौकरी लगाने के नाम पर 34 लाख की धोखाधड़ी की है। छावनी पुलिस ने दो पास्टर के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है। छावनी टीआई विशाल सोम ने बताया कि दुर्ग की आरक्षक रीता सिंह ने ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि सेक्टर-6 में ईसाई समाज का चर्च बैपताईस है। वहां साल 2019 में एक बैठक हुई थी। इसमें जांजगीर-चांपा जिले के पास्टर नूतन कुमार चौहान और कानपुर उत्तर प्रदेश से पास्टर अंकित सिंह भी आए हुए थे। यहां उसकी दोनों पास्टर से मुलाकात हुई थी। इन पास्टर ने बताया कि उनकी छत्तीसगढ़ के मंत्रियों से बहुत अच्छी पहचान है। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों की पहचान बताई थी। रीता पास्टर नूतन और अंकित के झांसे में आ गई। नूतन कुमार ने रीता के छोटे भाई गुरजिन्दर सिंह और दो बहनों को नौकरी दिलाने का दावा किया। सौदा तय होन पर रीता ने उन्हें नगद 6.76 लाख रुपए दे दिया। रीता के साथ ही समाज के अन्य कई लोग भी पास्टर की बात में आ गए और उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को सरकारी नौकरी लगाने एवं पुलिस विभाग में प्रमोशन के लिए कई लाख रुपए दे दिए। इस तरह दोनों पास्टर ने मिलकर कई लोगों से 34 लाख 16 हजार की ठगी की।