ओवरटेक विवाद में फौजी की रॉड से पीटकर हत्या, एएसआई समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज। करछना इलाके में एक फौजी की हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। दिल्ली में तैनात 30 साल के जवान विवेक सिंह छुट्टी पर घर आए थे और चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के बाद अपने साथी को छोड़कर लौट रहे थे। रास्ते में ओवरटेक को लेकर उनकी स्कॉर्पियो सवार युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया।

हमला धरवारा गांव के पास हुआ। वारदात के बाद विवेक मौके पर ही बेहोश हो गए। परिवार ने उन्हें पहले प्रयागराज और फिर लखनऊ के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार भोर में उनकी मौत हो गई।

परिजनों की तहरीर पर करछना पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज की और चार घंटे के भीतर एएसआई राजकमल पांडेय, फौजी राजीव कुमार ठाकुर, स्कॉर्पियो मालिक दिनेश कुमार यादव, राजू अग्रहरि और भाई लाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। सभी पर हत्या का आरोप है।

विवेक करछना क्षेत्र के धरवारा गांव के रहने वाले थे। शादी की रात वह अपने दोस्त विनय जैन को कोहड़ार बाजार छोड़ने गए थे। लौटते समय ही बरात से लौट रही स्कॉर्पियो से उनका विवाद हुआ और पीछे से रॉड मारकर उन्हें अधमरा कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाने पहुंच गए और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। इसके बाद डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव और एसीपी करछना अरुण त्रिपाठी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की निगरानी संभाली।

