कॉन्स्टेबल ने ASI पर चलाई 18 गोली, एक सिर पर और 15 गोली सीने पर उतारी

आरोपी कॉन्स्टेबल सरोज कुमार

मृतक ASI देवेंद्र सिंह दहिया

रायपुर।  मुड़ीपार स्थित भारत तिब्बत सीमा सुरक्षा बल TBP 38वीं बटालियन कैंप में एक कॉन्स्टेबल ने इंसास राइफल से ASI की गोली मारकर हत्या कर दी। कॉन्स्टेबल ने ASI के माथे पर पहली गोली और सीने पर 15 गोलियां उतारी, जबकि 2 गोलियां इधर-उधर चलाईं। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पुलिस ने जांच की। उसके बाद कॉन्स्टेबल सरोज कुमार को पुलिस ने कस्टडी में लिया। वारदात सोमवार सुबह 9 बजे की है।

जानकारी के अनुसार मॉर्निंग परेड के दौरान ASI देवेंद्र सिंह दहिया के डांटने से गुस्से में आकर आरक्षक सरोज कुमार ने फायरिंग की। इससे पहले आरोपी पहले घर गया और बिना खाना खाए गुस्से में राइफल लेकर निकला था। वहीं एएसआई का शव फ्लाइट से हरियाणा भेजा जाएगा। देवेंद्र रोहतक जिले के रहने वाले थे। आरोपी कॉन्स्टेबल सरोज कुमार (32 साल) बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला है। वहीं मृतक ASI देवेंद्र सिंह दहिया (56 साल) हरियाणा के रोहतक के रहने वाले थे। दोनों रायपुर के ITBP 38Bवीं बटालियन के कॉलोनी में ही रहते थे। आरोपी परिवार के साथ ही रहता था। आरोपी आरक्षक सरोज कुमार के 5 और 3 साल के दो बेटे हैं।

ITBP में मौजूद जवानों के अनुसार 3 दिन पहले भी कॉन्स्टेबल सरोज कुमार को ASI देवेंद्र सिंह दहिया ने उनके टर्न आउट (वर्दी) को लेकर डांटा था। सोमवार सुबह भी देवेंद्र सिंह ने कॉन्स्टेबल को इसी बात पर डांटा तो वह न सिर्फ गुस्से में था, बल्कि डरा हुआ भी था। परेड के बाद वह बटालियन के अंदर अपने घर पहुंचा। घर पर अपनी पत्नी से भी बात नहीं की। घर से कुछ दूरी पर कॉन्स्टेबल सरोज कुमार ने ASI दहिया को देखा। एएसआई को लगा कि कॉन्स्टेबल सुबह की अपनी गलती की माफी मांगने उनके पास आया है। इस दौरान यह देखकर ASI दहिया ने दोबारा उसे गाली दी। ASI दहिया की गालियां सुनकर कॉन्स्टेबल ने पहली गोली माथे पर मारी। गोली लगते ही ASI दहिया ढेर हो गया। उसके बाद नाराज कॉन्स्टेबल ने सीने और पीठ की तरफ 18 राउंड फायरिंग की।