CM सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश के घर तिजोरी में रखी थीं दो AK-47

पुलिस का दावा- जवानों की हैं AK-47, विभागीय कार्रवाई होगी

CM सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश के घर तिजोरी में रखी थीं दो AK-47

नई दिल्ली। झारखंड के खनन घोटाले में बुधवार को 16 ठिकानों पर ED की रेड चल रही है। CM हेमंत सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश के रांची स्थित ठिकानों पर छापा मारा गया। प्रेम प्रकाश के घर तिजोरी से 2 AK-47 राइफल बरामद की गई हैं। 60 कारतूस भी मिले हैं। इसकी तस्वीरें सामने आई हैं।

प्रेम प्रकाश के पुराने दफ्तर में भी छानबीन जारी है। यह ऑफिस पिछले कुछ दिनों से बंद है। प्रेम प्रकाश के 11 ठिकानों पर रेड जारी है। प्रेम प्रकाश की झारखंड की राजनीति में मजबूत पैठ मानी जाती है। इससे पहले भी ED ने प्रेम को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि कुछ घंटे सवाल करने के बाद ED ने उसे छोड़ दिया था।

जिला पुलिस के अरगोड़ा थाना प्रभारी विनोद कुमार का दावा है कि दोनों बरामद AK-47 और 60 कारतूस जिला पुलिस के जवानों के हैं। जवानों के खिलाफ जो भी विभागीय कार्रवाई होगी, वह सीनियर अफसर करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें दो AK-47 मिलने की सूचना मिली थी, इसलिए वह जांच करने आए थे। इस कार्रवाई के बारे में स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लगने दी गई। ED रांची में CA एमके झा, यस एंड कंपनी की चार्टर्ड अकाउंटेंट अनीता कुमारी के घर भी कागजात खंगाल रही है। लालपुर के जतिन चंद्रा रोड स्थित सिंह अपार्टमेंट में अनीता कुमारी का 1-A नंबर में फ्लैट है, इसमें भी छापा जारी है। एक टीम ने प्रेम प्रकाश के सासाराम स्थित घर पर भी तलाशी ली है।