नहाते समय अरपा नदी में डूबने से 3 बहनों की मौत

नहाते समय अरपा नदी में डूबने से 3 बहनों की मौत

बिलासपुर। अरपा नदी में नहाते समय तीन बहनों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बहन सुबह नहाने गई थीं। इसी दौरान अवैध उत्खनन से बनी खाई में डूबने से ये हादसा हुआ है। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे में चक्काजाम कर दिया है। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।

सेंदरी की रहने वाली पूजा पटेल (18) अपनी छोटी बहन रितू पटेल (14) व चचेरी बहन धनेश्वरी पटेल (11) सोमवार की सुबह घर से अरपा नदी नहाने जाने के लिए निकली थीं। तीनों बहनें सेंदरी रेत घाट के पास नहा रही थीं। तभी अचानक धनेश्वरी गहरे पानी में चली गई। जिसे बचाने के चक्कर में रितु और पूजा भी गहराई में समा गईं। इस हादसे की जानकारी आसपास के लोगों को हुई, तब उन्होंने बच्चियों की तलाश शुरू की। लेकिन, उनका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही SDRF की टीम को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने तीनों बच्चियों के शव को बरामद कर लिया है। इस हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोगों की भीड़ नदी के पास पहुंच गई। दरअसल, नदी में अवैध रेत उत्खनन के चलते जगह-जगह बड़े-बड़े गड्‌ढे और खाई है। बारिश में खाई में पानी भर गया है। ऐसे में लोगों को गहराई का अंदाजा नहीं रहता है। कहा जा रहा है कि अवैध खुदाई की वजह से बच्चियों की जान गई है।