शादीशुदा ऑटो चालक ने 16 साल की लड़की से किया दुष्कर्म

शादीशुदा ऑटो चालक ने 16 साल की लड़की से किया दुष्कर्म

बिलासपुर। शादीशुदा आॅटो चालक द्वारा 16 साल की लड़की से दोस्ती कर भगाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। आॅटो चालक ने लड़की से दोस्ती कर उसे मोबाइल गिफ्ट देकर अपने प्यार में फंसा लिया। हिर्री थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। 
मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले 16 साल की लड़की अपने परिजन को बिना बताए गायब हो गई थी, जिससे परेशान परिवार वालों ने उसकी तलाश की। उन्होंने परिचितों और रिश्तेदारों से जानकारी जुटाई। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला। तब पुलिस से शिकायत की गई, जिसके बाद अपहरण की आशंका से केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि लड़की दसवीं कक्षा तक पढ़ी है। इसके बाद पढ़ाई छोड़कर घरेलू काम करती है। करीब साल भर पहले स्कूल जाते समय उसकी पहचान खजुरी के रहने वाले आॅटो चालक दिलहरण यादव (23 वर्ष) से हुई थी। जान-पहचान का फायदा उठाकर आॅटो चालक ने उसे मोबाइल गिफ्ट किया और उससे दोस्ती कर बातचीत करने लगा। फिर उसने लड़की को प्यार में फंसा लिया। लड़की भी उसकी बातों में आकर उसे चाहने लगी। इसकी जानकारी होने के बाद पुलिस ने आॅटो चालक दिलहरण यादव की जानकारी जुटाई। तब पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और लड़की के साथ ही वह भी गायब है। इस पर पुलिस ने मोबाइल की तकनीकी जांच कर उसकी तलाश शुरू कर दी। फिर उसे सिविल लाइन क्षेत्र के जरहाभाठा इलाके से दबोच लिया। 
इस दौरान लड़की भी उसके साथ मिल गई। पुलिस ने लड़की का बयान दर्ज किया, तब उसने बताया कि शादी करने के बहाने आॅटो चालक ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। तब लड़की को यह भी नहीं पता था कि वह पहले से शादीशुदा है। पुलिस ने लड़की को परिजन को सौंप दिया है।