दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण मामले में 3 देशों से मांगी मदद

दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण मामले में 3 देशों से मांगी मदद

नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली पुलिस की जांच जारी है। खबर है कि पहलवानों और सरकार के बीच बातचीत में 15 जून तक का समय तय हुआ है। खास बात है कि इस जांच में अब तीन और देशों (कजाकिस्तान, मंगोलिया और इंडोनेशिया) की एंट्री होती नजर आ रही है। दिल्ली पुलिस इन देशों की मदद से सबूत जुटा रही है। कई पहलवानों ने सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने तीनों देशों में कुश्ती संघों को नोटिस भेजा है। यहां सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरें देने के लिए कहा गया है। दरअसल, महिला पहलवानों ने 2016, 2018 और 2022 में यहां पर यौन उत्पीड़न किए जाने के आरोप लगाए हैं। पहलवानों ने जंतर मंतर पर जारी अपने धरना प्रदर्शन को हाल ही में खत्न कर दिया है।
कुश्ती महासंघ में चुनाव की तैयारियां जारी हैं। फेडरेशन ने सोमवार को जानकारी दी है कि 4 जुलाई को चुनाव आयोजित होंगे। इसके लिए हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश महेश मित्तल को रिटर्निंग आॅफिसर बनाया गया है। खास बात है कि सिंह यह चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। इसकी वजह उनका तीन बार का अध्यक्ष के तौर पर कायर्काल है। नियमों के तहत वह किसी पद के लिए चुनाव नहीं लड़ सकते हैं।