सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक महिला नक्सली और जवान घायल

सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक महिला नक्सली और जवान घायल

कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले कांकेर जिले में शुक्रवार की रात सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। ये मुठभेड़ बड़गांव के नजदीक जंगलों में हुई। एसपी शलभ सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है। मुठभेड़ में बीएसएफ का एक जवान घायल हुआ है। एक वर्दीधारी महिला नक्सली भी घायल हालत में मिली है। घायल महिला नक्सली की शिनाख्त एलओएस कमांडर फगनी के रूप में हुई है। घायल जवान के कंधे पर चोट आई है जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। 
मिली जानकारी के अनुसार, बड़गांव के मेंड्रा कैंप बीएसएफ 178 बटालियन से जवानों का एक दल सर्चिंग के लिए निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। जवानों ने भी इसका मुहतोड़ जवाब दिया। जवानों को खुदपर भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की आड़ लेकर मौके से भाग निकले। वहीं बीएसएफ और जिला पुलिस जवान मुठभेड़ के बाद एक बार फिर से सर्चिंग में जुट गए हैं।
ज्ञात हो कि बीती रात बीएसएफ जवानों की टुकड़ी गश्त पर रवाना हुई थी, इस दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से गोलाबारी के बाद नक्सली मौके से भाग खड़े हुए। गोलीबारी रुकने के बाद इलाके की सर्चिंग के दौरान एक महिला नक्सली फगनी घायल मिली है। जो एलओएस कमांडर है। वो आरकेबी डिवीजन में भी सक्रिय रही है।