सुडान से रेस्क्यू किए गए 500 से ज्यादा भारतीय

नेवी के जहाज आईएनएस सुमेधा और भारतीय वायु सेना के सी-130 जे एयरक्राफ्ट से पहुंचाया गया सऊदी अरब के जेद्दाह

सुडान से रेस्क्यू किए गए 500 से ज्यादा भारतीय

नई दिल्ली (एजेंसी)। उत्तर पूर्वी अफ्रीका में स्थित सूडान में गृह युद्ध ने तबाही मचा रखी है। अब तक 427 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,700 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में खार्तूम में मौजूद मिस्त्र के दूतावास के एक अधिकारी भी शामिल हैं, जो अपने कार्यालय से घर लौटते समय हिंसा की चपेट में आ गए। 
अभी तक सूडान से विभिन्न देशों के चार हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। बड़ी संख्या में भारतीय लोग भी फंसे हैं, जिन्हें बाहर निकालने के लिए भारत सरकार ने 'आॅपरेशन कावेरी' शुरू किया है। 
सूडान में 72 घंटे के संघर्ष विराम के बाद राजधानी खार्तूम समेत देश के अन्य हिस्सों में झड़पें जारी हैं। इस बीच, पिछले 24 घंटों में साढ़े पांच सौ से ज्यादा भारतीयों को निकाल लिया गया है। इन्हें सऊदी अरब के जेद्दाह लाया जा चुका है। अब तक तीन बैच में 561 लोगों को जेद्दाह पहुंचा दिया गया है। सूडान में 4 हजार से ज्यादा भारतीय रहते हैं।
जानकारी के अनुसार आॅपरेशन कावेरी के तहत पहले बैच में 278 भारतीयों को नेवी के जहाज आईएनएस सुमेधा से सूडान पोर्ट से सऊदी अरब के जेद्दाह पहुंचाया गया। इसके बाद 148 और 135 भारतीयों को भारतीय वायु सेना के सी-130 जे एयरक्राफ्ट से जेद्दाह लाया गया। अब इन्हें जल्द ही एयरलिफ्ट कर भारत लाया जाएगा।