12 साल की बच्ची से रेप, खून से लथपथ और बिना कपड़ों के घंटों भटकती रही, तमाशबीन बने रहे लोग

पुलिस ने घटना की जांच के लिए एसआईटी का  किया है गठन

12 साल की बच्ची से रेप, खून से लथपथ और बिना कपड़ों के घंटों भटकती रही, तमाशबीन बने रहे लोग

उज्जैन (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 साल की एक बच्ची के साथ हैवानियत की हदें पार करने का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। खून से लथपथ रेप की शिकार बच्ची बिना कपड़ों के उज्जैन की गलियों में घंटों भटकती रही। लोगों से मदद मांगती रही, लेकिन कोई आगे नहीं आया। एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह किसी तरह अपने तन को ढंकने की कोशिश करते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाती दिख रही है। बाद में उसे महाकाल थाना क्षेत्र के बड़नगर रोड पर मुरलीपुरा के पुलिस उठाकर अस्पताल ले गई। पुलिस ने अब पूरी घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।
बच्ची को जब अस्पताल ले जाया गया तो उसके साथ दुष्कर्म की घटना की पुष्टि हुई। बालिका के प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटों के निशान हैं। बालिका ढाई घंटे तक अर्ध अवस्था में एक कॉलोनी से दूसरे कॉलोनी तक भटकती रही। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कुछ लोग उसे भटकते हुए देखते हैं लेकिन मदद के लिए आगे नहीं आते। अधिक खून बह जाने की वजह से उसकी स्थिति नाजुक हो गई थी। बच्ची को इंदौर रेफर किया गया, जहां उसे खून चढ़ाया गया है। फिलहाल वह खतरे से बाहर बताई जा रही है। बालिका उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की बताई जा रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि बच्ची उज्जैन कैसे पहुंची और किसने उसके साथ हैवानियत की।
बालिका की भाषा की वजह से पुलिस को जांच में बड़ी समस्या आ रही है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने उत्तर प्रदेश की महिला एक्सपर्ट से बालिका की बातों को समझा और पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के आसपास की हो सकती है। बच्ची जो भाषा बोल रही है वह वहां के एक समुदाय के द्वारा बोली जाती है। मध्य प्रदेश पुलिस उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क कर बालिका के परिवार का पता लगाने का प्रयास कर रही है।