कैलिफोर्निया के झील में डूबे भारतीय युवक का शव 28 दिन बाद मिला

कैलिफोर्निया के झील में डूबे भारतीय युवक का शव 28 दिन बाद मिला

वॉशिंगटन। 6 जुलाई को कैलिफोर्निया में रहने वाले भारतीय युवा सिद्धांत पाटिल अमेरिका के मोंटाना राज्य में ग्लेशियर नेशनल पार्क में दोस्तों के साथ हाइकिंग करने गए थे। हाइकिंग के दौरान पाटिल एक बड़ी चट्टान पर थे, तभी उनका पैर फिसल गया। संतुलन खोने के कारण सिद्धांत एवलांच क्रीक में पानी के नीचे चले गए। विगत 28 दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी। भारतीय युवक का शव रविवार सुबह एवलांच क्रीक के पास मिला। रेंजरों ने घाटी में एक चट्टान के पास से शव को बरामद किया। कपड़ों और गियर के जरिये शव की पहचान की गई।

 सिद्धांत के लापता होने के बाद आस-पास के इलाकों में तैनात हेलिकॉप्टरों की मदद से तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 10 से अधिक रेंजरों ने नाले के किनारे पैदल खोज में जुटे रहे। लापता सिद्धांत की तलाश के लिए बीते 10 जुलाई को एवलांच क्रीक के ऊपर ड्रोन भी उड़ाया गया था। हालांकि, इसमें भी असफलता हाथ लगी। 

रविवार सुबह एक पर्यटक ने घाटी के नीचे एवलांच क्रीक में एक शव को देखा। इसकी सूचना उन्होंने रेंजर्स को दी। इसके बाद रेंजर्स ने शव की खोजबीन शुरू की। काफी देर तक चली खोजबीन के बाद शव को बरामद कर लिया गया। उसकी पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए और डेंटल रिकॉर्ड जांच की जाएगी। पार्क के अधिकारियों ने शव को तलाश करने में काफी मदद की। अब शव को जल्द ही भारत लाया जाएगा।