रायपुर गोलीकांड मामले में एक और आरोपी हरियाणा में पकड़ा गया, अब तक 7 गिरफ्तार

रायपुर गोलीकांड मामले में एक और आरोपी हरियाणा में पकड़ा गया, अब तक 7 गिरफ्तार

रायपुर। पी.आर.ए. इंडिया प्रा.लि. के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने एक और आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। उसके कब्जे से 01 नग पिस्टल जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार तेलीबांधा थाना के अपराध क्रमांक 494/24 धारा 109, 3(5) बी.एन.एस. 25, 27 आर्म्स एक्ट के प्रकरण में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गैंग में संलिप्त अन्य आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रहीं है। इसी क्रम में प्रकरण में संलिप्त आरोपी सिरसा निवासी जसवंत सिंह उर्फ बग्गू के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होने पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी जसवंत सिंह उर्फ बग्गू पिता भजन लाल उम्र 26 साल निवासी नेजाडेला थाना सदर सिरसा जिला सिरसा हरियाणा को सिरसा हरियाणा से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 नग पिस्टल जब्त किया गया है। आरोपी जसवंत सिंह उर्फ बग्गू को ट्रांजिट रिमाण्ड में रायपुर लाकर आज न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

मुख्य हैंडलर अमनदीप बाल्मिकी से 1 पिस्टल, 8 जिंदा राउंड और 1 खाली खोखा जप्त किया गया है। घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक जे एच/01/डी एल/4692) भी जप्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्यवाही की जा रही है। अमनदीप बाल्मिकी का झारखंड के अमन साहू गैंग और पंजाब के एक गैंग से संबंध है। उसी ने शूटर, वाहन और रकम उपलब्ध कराई थी।

क्या है पूरा मामला

13 जुलाई को थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत रिंग रोड नंबर 01 उद्योग भवन तेलीबांधा के पास स्थित पी.आर.ए. इंडिया प्रा.लि. के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो नकाबपोश व्यक्तियों ने पिस्टल से हमला किया और फरार हो गए थे, जिसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

सूचनाओं के आधार पर झारखंड के गुमला, लोहरदगा और रांची तथा हरियाणा के सिरसा में उच्च स्तरीय समन्वय स्थापित करते हुए एक अंतरराज्यीय ऑपरेशन चलाया गया। इस ऑपरेशन में झारखंड से 3 और हरियाणा से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दो अन्य आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई है।

  • अब तक गिरफ्तार आरोपी
  • संदीप यादव (23) - ग्राम सेहलतेतर टोली, थाना घाघरा, जिला गुमला, झारखंड।
  • शाहिद अंसारी (22) - न्यू आजाद बस्ती, लोहरदगा, झारखंड।
  • शाहिद अंसारी (25) - आजाद बस्ती, पथलकुरवा, थाना लोवर बाजार, जिला रांची, झारखंड।
  • रवि कुमार सेन (22) - मंगाला, थाना सदर, जिला सिरसा, हरियाणा।
  • लक्ष्मण दास बाजीगर (23) - सलारपुर, थाना सदर, जिला सिरसा, हरियाणा।
  • अमनदीप बाल्मिकी उर्फ अम्मू - धोतड़ बस स्टैंड के पास, थाना रनिया, जिला सिरसा, हरियाणा।