आतंकी हमले में 15 पुलिसकर्मियों समेत कई नागरिकों की मौत, 6 हमलावर भी ढेर

आतंकी हमले में 15 पुलिसकर्मियों समेत कई नागरिकों की मौत, 6 हमलावर भी ढेर

रूस। रूस के दक्षिणी प्रांत-दागेस्तान में ईसाईयों और यहूदियों के धर्मस्थल (सिनेगॉग) पर अत्याधुनिक हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी हुई है। समाचार एजेंसी ने बताया कि दागेस्तान के गवर्नर ने बताया कि बंदूकधारियों के हमलों में 15 से अधिक पुलिसकर्मियों और कई नागरिकों की हत्या कर दी गई है।वहीं, सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में छह आतंकियों को मार गिराया है। हमले में 20 से अधिक लोगों के घायल होने की भी खबर है। रूस के दागेस्तान में रविवार को आतंकियों ने दो चर्च, एक सिनेगॉग (यहूदी मंदिर) और एक पुलिस पोस्ट पर हमला किया। क्षेत्र में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को शोक दिवस मनाया जाएगा। 

दागेस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि हथियारबंद लोगों के एक समूह ने कैस्पियन सागर पर स्थित डर्बेंट शहर में एक सिनेगॉग और एक चर्च पर गोलीबारी की। इससे दोनों जगह आग लग गई। लगभग उसी समय, माखचकाला में एक चर्च और एक यातायात पुलिस चौकी पर हमले की खबरें सामने आईं।

अधिकारियों ने क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया और पांच हमलावरों को मार गिराया। हालांकि, गवर्नर का कहना है कि छह बंदूकधारियों को मार गिराया है। फिलहाल, इसकी स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है।