शिवखोड़ी धाम जा रही यात्रियों से भरी बस खाई में गिरने से 22 की मौत, 69 लोग घायल

शिवखोड़ी धाम जा रही यात्रियों से भरी बस खाई में गिरने से 22 की मौत, 69 लोग घायल

जम्मू। जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग (144 ए) पर अखनूर के चूंगी मोड़ क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 22 लोगों के मारे जाने की खबर है। करीब 69 यात्री घायल हो गए। इनमें 57 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया और 12 लोगों का इलाज अखनूर उपजिला अस्पताल में जारी है। बस में 91 यात्री सवार थे। जम्मू के अखनूर में हुए सड़क हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख प्रकट किया है।

जानकारी के अनुसार, उत्तरप्रदेश के हाथरस की यह बस हरियाणा के कुरुक्षेत्र से शिवखोड़ी धाम जा रही थी। बस का नंबर है- यूपी 86ईसी 4078 बताया गया है। यह बस अखनूर के चूंगी मोड़ में गहरी खाई में जा गिरी। इस तीखे मोड़ पर सामने से आ रही एक बस के आने से हादसे वाली बस के चालक का संतुलन बिगड़ा गया और यह दुर्घटना हो गई। बस के गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। तुरंत में राहत और बचाव अभियान चलाया गया। बस के शीशे तोड़ कर लोगों को बाहर निकाला गया। फिर रस्सी और कुछ को पीठ पर लाद कर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद घायलों को वाहनों में सवार कर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

बस दुर्घटना के बारे में सहायता और पूछताछ के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है-

डीएम कार्यालय 9622699666, 9419160547

एसपी कार्यालय 9419172197, 9419194102, 9596869639

मेडिकल 9419190500, 9419190493