स्टील मैन जमशेद जे ईरानी का निधन

स्टील मैन जमशेद जे ईरानी का निधन

नई दिल्ली (एजेंसी)। देश के स्टील मैन कहे जाने वाले जमशेद जे ईरानी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। उन्होंने सोमवार 31 अक्तूबर की रात जमशेदपुर में अंतिम सांस ली। वह 86 साल के थे। यह जानकारी टाटा स्टील की ओर से दी गई। 
टाटा स्टील की ओर से जारी बयान में बताया गया, 'स्टील मैन आॅफ इंडिया अब नहीं रहे। पद्म विभूषण डॉ. जमशेद जे ईरानी के निधन की जानकारी देते हुए टाटा ग्रुप बेहद दुखी है। उन्होंने 31 अक्तूबर को रात 10 बजे जमशेदपुर में अंतिम सांस ली।'  बता दें कि ईरानी जून 2011 में टाटा स्टील के बोर्ड से सेवानिवृत्त हुए थे। 
जीजी ईरानी और खुर्शीद ईरानी के घर में दो जून 1936 के दिन जन्म लेने वाले जमशेद ने 1956 में नागपुर के साइंस कॉलेज से बीएससी की थी। वहीं, उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से 1958 में एमएससी पूरी की। इसके बाद वह जेएन टाटा स्कॉलर के रूप में ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी आॅफ शेफील्ड गए और 1960 में मास्टर्स कंप्लीट किया। इसके अलावा 1963 में उनकी पीएचडी हुई। 
जमशेद ईरानी ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत ब्रिटिश आयरन एंड स्टील रिसर्च असोसिएशन के साथ 1963 में की, लेकिन उनका सपना हमेशा देश की तरक्की में योगदान देने का रहा। वह 1968 में भारत लौटे और टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी की स्थापना की, जिसे आज टाटा स्टील के नाम से जाना जाता है।