दुर्लभ मूर्ति: बडगाम में 1200 वर्ष पुरानी भगवान विष्णु की प्रतिमा मिली

दुर्लभ मूर्ति: बडगाम में 1200 वर्ष पुरानी भगवान विष्णु की प्रतिमा मिली

जम्मू/श्रीनगर। बडगाम जिले के गुडसाठू गांव में खोदाई के दौरान भगवान विष्णु की तीन सिरों वाली एक दुर्लभ मूर्ति बरामद हुई है। यह मूर्ति नौंवी शताब्दी की बताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर अभिलेखागार, पुरातत्व और संग्रहालय के अधिकारी इसकी जांच में जुटे हैं।

बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर गांव गुडसाठू में कुछ स्थानीय लोग एक स्थान पर खोदाई कर रहे थे उसी दौरान उन्हें यह मूर्ति मिली। लोगों ने बडगाम पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मूर्ति को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इसकी सूचना जम्मू-कश्मीर अभिलेखागार, पुरातत्व और संग्रहालय के अधिकारियों को दी और उनसे मुख्यालय पर आकर इसकी जांच का आग्रह किया। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि भगवान विष्णु की यह दुर्लभ प्रतिमा लगभग 9वीं शताब्दी ईस्वी (लगभग 1200 वर्ष पुरानी) है। मूर्ति तीन सिरों वाली है और चार भुजाओं के साथ ऊपरी दाहिने हाथ में कमल है। मूर्तिकला गांधार और मथुरा कला का मिश्रण है।