35 से 40 साल की सेवा के बाद तीन पुलिस अधिकारियों को सम्मानपूर्ण विदाई, दुर्ग पुलिस ने किया सम्मानित

दुर्ग। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दुर्ग में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे तीन अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप निरीक्षक सौमित्र भोई, सहायक उप निरीक्षक रोहित मरकाम एवं सहायक उप निरीक्षक तालसिंह को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने सेवानिवृत्त अधिकारियों और उनके परिजनों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। बाद में उन्हें शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
करीब 35 से 40 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने वाले अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने विभिन्न चुनौतियों और यादगार घटनाओं का उल्लेख करते हुए वर्तमान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने अनुभवों से सीख लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों की निष्ठा, समर्पण और दीर्घकालीन सेवाएं विभाग के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों का अनुभव दुर्ग पुलिस की अमूल्य धरोहर है और पुलिस परिवार भविष्य में भी उनके साथ हमेशा खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा, निरीक्षक (एम) बृजमोहन सिंह राजपूत, सावित्री धुर्वे सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
