PM आवास योजना से बिजली सामान चोरी, 2 आरोपी घंटों में गिरफ्तार
निर्माणाधीन मकानों से वायर, MCB और इलेक्ट्रिक सामान चुराया, सिटी कोतवाली पुलिस ने बरामद किया पूरा माल

दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन मकानों से बिजली का सामान चोरी करने वाले दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई इलेक्ट्रिक वायर, एमसीबी, प्लेट और होल्डर भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरधारी नगर निवासी विक्रम गहलोत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरस्वती नगर में बन रहे आवासों में अभियंता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि 8 जून को निर्माणाधीन ब्लॉक नंबर 4 और 5 से अज्ञात चोरों ने इलेक्ट्रिक वायर, एमसीबी, प्लेट और होल्डर चोरी कर लिए थे।

शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सूचना संकलन और तकनीकी पतासाजी के आधार पर पुलिस ने राज ढीमर उर्फ नानू और दुजराज ढीमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई पूरी विद्युत सामग्री बरामद कर ली और दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने निर्माणाधीन भवन में लगी बिजली की सामग्री को अवैध लाभ कमाने की नीयत से चोरी किया था।
आरोपी का नाम :
1. राज ढीमर उर्फ नानू, उम्र 20 वर्ष, निवासी सरस्वती नगर, वार्ड क्रमांक 34, दुर्ग।
2. दुजराज ढीमर, उम्र 46 वर्ष, निवासी सरस्वती नगर, वार्ड क्रमांक 34, दुर्ग।
