BSP में दीवार फांदकर स्क्रैप चोरी, 2 आरोपी गिरफ्तार
220 किलो स्क्रैप आयरन, स्कूटी और मोबाइल जब्त, एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया, दूसरा बाद में गिरफ्तार

भिलाई स्टील प्लांट में स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन, एक स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 52 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून की रात करीब 8 बजे भिलाई स्टील प्लांट के केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी में दो युवक लगभग 220 किलो स्क्रैप आयरन लेकर जा रहे थे। तभी CISF की क्विक रिस्पांस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
कार्रवाई के दौरान स्कूटी के पीछे बैठा एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि चालक सोनू नायक को चोरी के माल सहित मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पूछताछ में सोनू नायक ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट की दीवार फांदकर अंदर घुसता था और वहां से स्क्रैप लोहा चोरी करता था। इसके बाद थाना भिलाई भट्ठी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने चोरी का 220 किलो स्क्रैप आयरन, घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और एक विवो मोबाइल फोन जब्त किया। इसके बाद 3 जुलाई को दूसरे आरोपी पुष्पेंद्र दीप उर्फ पुष्पा को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। उसके पकड़े जाने के बाद इस चोरी के नेटवर्क से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।
आरोपी का नाम :
1. सोनू नायक, उम्र 25 वर्ष, निवासी क्रॉस स्ट्रीट-4, क्वार्टर नं. 10-सी, सेक्टर-5, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।
2. पुष्पेंद्र दीप उर्फ पुष्पा, उम्र 32 वर्ष, निवासी सेक्टर-5, सड़क नं. 17, उड़िया बस्ती, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।
