वर्चस्व की लड़ाई में हत्या की कोशिश, 2 महिलाएं समेत 3 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी लक्की सरदार फरार

भिलाई में पीड़िता के घर पहुंचकर मारपीट के बाद ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने का आरोप

वर्चस्व की लड़ाई में हत्या की कोशिश, 2 महिलाएं समेत 3 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी लक्की सरदार फरार

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में वर्चस्व की रंजिश को लेकर हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, खम्हरिया स्थित पीएम आवास निवासी 22 वर्षीय शीतल वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक जुलाई को आरोपी परी खान के साथ लक्की सरदार को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसी विवाद से नाराज होकर परी खान ने अपने पति लक्की सरदार, बहन मुस्कान और जीजा राहुल यादव के साथ मिलकर उसे जान से मारने की साजिश रची।

आरोप है कि 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे सभी आरोपी ज्वलनशील पदार्थ लेकर पीड़िता के घर पहुंचे। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसके ऊपर तथा घर में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाकर हत्या करने का प्रयास किया गया। हालांकि पीड़िता किसी तरह वहां से भाग निकली और अपनी जान बचा ली।

शिकायत मिलते ही सुपेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नागपुर भागने की फिराक में हैं। इसके बाद कार्रवाई करते हुए परी खान, मुस्कान और राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पहले लक्की सरदार के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत से नाराज होकर उन्होंने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी लक्की सरदार अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

आरोपी का नाम :प

1. परी खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी पीएम आवास, खम्हरिया, चौकी स्मृति नगर, जिला दुर्ग।

2. मुस्कान, उम्र 24 वर्ष, निवासी मच्छीपुर, कामठी, नागपुर (महाराष्ट्र)।

3. राहुल यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी मच्छीपुर, कामठी, नागपुर (महाराष्ट्र)।