सेवा, समर्पण और मानवता के प्रतीक हैं डॉक्टर-संजय तिवारी
एसआर हॉस्पिटल में धूमधाम से मनाया गया डॉक्टर्स डे, चिकित्सकों का हुआ सम्मान


दुर्ग। चिखली स्थित एसआर हॉस्पिटल एंड कॉलेज में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर केक काटकर सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और चिकित्सा सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसआर हॉस्पिटल एंड कॉलेज के चेयरमैन संजय तिवारी ने कहा कि डॉक्टर समाज के लिए सेवा, समर्पण और मानवता के प्रतीक हैं। वे कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए लोगों के जीवन की रक्षा करते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।

मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं कार्डियोलॉजी सर्जन डॉ. रंजन सेन गुप्ता ने कहा कि 1 जुलाई को महान चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र राय की जयंती पर चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल एक परिवार की तरह है, जहां सभी मिलकर मरीजों की बेहतर चिकित्सा के लिए कार्य करते हैं। डॉ. के.के. जैन, डॉ. वाई.के. शर्मा और डॉ. वनश्री सिन्हा ने भी चिकित्सक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को निःस्वार्थ सेवा की भावना के साथ मरीजों की देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर चेयरमैन संजय तिवारी ने डॉ. रंजन सेन गुप्ता, डॉ. के.के. जैन, डॉ. वाई.के. शर्मा, डॉ. वनश्री सिन्हा सहित डॉ. दीपा मिश्रा, डॉ. ममता साहू, डॉ. सुमित सोनी, डॉ. बलिराम रॉय और डॉ. अश्वनी शुक्ला को स्मृति चिह्न, उपहार और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इसके अलावा अस्पताल के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉक्टरों ने भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करते रहने का संकल्प लिया। समारोह में बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल के कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।