4.1 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पल्सर बाइक, आईफोन और नकदी जब्त
कुम्हारी पुलिस की कार्रवाई, ग्राहक का इंतजार करते दबोचे गए आरोपी; 2.90 लाख रुपये की सामग्री जब्त

भिलाई। दुर्ग पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में कुम्हारी पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.100 किलोग्राम गांजा, एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक आईफोन और 20 हजार रुपये नकद सहित कुल करीब 2.90 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार कुकदा रोड, सार्थक होम के सामने बिजली ट्रांसफार्मर के पास दो युवकों के पल्सर मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 4.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने अवैध रूप से गांजा रखना और बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार कोसले (20 वर्ष) निवासी कुंदरापारा, पोटिया, जिला दुर्ग और सतीश ठाकुर (23 वर्ष) निवासी कुंदरापारा, पोटिया, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 4.100 किलोग्राम गांजा, बिना नंबर की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल, एक आईफोन तथा 20 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
