शाला प्रवेशोत्सव में शिक्षा मंत्री ने नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत, स्मार्ट क्लास का किया शुभारंभ

दुर्ग के तीन विद्यालयों में पहुंचे गजेन्द्र यादव, विद्यार्थियों को गणवेश और जूते वितरित किए

शाला प्रवेशोत्सव में शिक्षा मंत्री ने नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत, स्मार्ट क्लास का किया शुभारंभ

दुर्ग। शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने गुरुवार को दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के दीपकनगर और तितुरडीह स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय तथा पंचशील नगर के शासकीय चंद्रशेखर आजाद विद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया तथा उन्हें गणवेश और जूते वितरित किए।

शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि नया शिक्षा सत्र बच्चों के नए सपनों और नई उम्मीदों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वे अपने जीवन के लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। स्कूलों में बेहतर अधोसंरचना, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की व्यवस्था की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित शिक्षा से विद्यार्थियों को विषयों को समझने में आसानी होगी और वे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।

इस दौरान शिक्षा मंत्री कक्षाओं में पहुंचे और बच्चों के बीच बैठकर उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषयों और भविष्य के सपनों पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने पालकों से बच्चों की पढ़ाई पर नियमित ध्यान देने तथा शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और पालकों के सहयोग से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।