राम मंदिर दान घोटाले में बड़ा एक्शन! 10 ठिकानों पर छापेमारी, अहम दस्तावेज बरामद

अयोध्या। राम मंदिर दान और चढ़ावा गबन मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने एक साथ 10 से अधिक स्थानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए हैं। मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों के परिजनों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस आरोपियों के आर्थिक लेनदेन, संपत्ति और दस्तावेजों की जांच कर रही है। आरोपी टिन्नू के भतीजे मनीष के घर भी पुलिस पहुंची, जहां मकान बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने घर के भीतर प्रवेश कर तलाशी अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पुलिस के हाथ लगे हैं।

इधर, मामले के सामने आने के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में भी हलचल तेज हो गई है। ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे की खबरों के बीच संगठनात्मक बदलाव की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों का दावा है कि ट्रस्ट के पुनर्गठन और नई प्रशासनिक व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है।
वहीं राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी हुई, जिससे सबूतों के साथ छेड़छाड़ की आशंका बढ़ गई।
पुलिस और जांच एजेंसियां फिलहाल दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
