6 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल, सब्बल से सिर पर किए गए ताबड़तोड़ वार, दो आरोपी गिरफ्तार

6 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल, सब्बल से सिर पर किए गए ताबड़तोड़ वार, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम डूमर का है, जहां पानी टंकी के पास स्थित सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव मिला था। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन शरीर पर बने गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान 18 वर्षीय चेतन ठाकुर निवासी पथरिया के रूप में हुई।

पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में खुलासा हुआ कि घटना वाली रात चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रात करीब एक बजे सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन ठाकुर के सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए घटना में प्रयुक्त सब्बल और अपने कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए थे। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाकर सब्बल और कपड़े बरामद कर लिए। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव और उसके साथी राहुल कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।