तीन मंजिला इमारत में दोपहर को मची चीख-पुकार, जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदे छात्र, 15 मृत छात्राओं की हुई पहचान
लखनऊ में मौत का अग्निकांड: कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग में लगी आग


लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। अलीगंज क्षेत्र की एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कोचिंग और एनीमेशन कोर्स कर रहे 15 छात्र-छात्राओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कई छात्रों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप और पहली मंजिल पर उसका वेयरहाउस संचालित था। दूसरी मंजिल पर थ्री-डी एनीमेशन ट्रेनिंग सेंटर, गेमिंग जोन और छात्रों की कोचिंग क्लास चल रही थी।

दोपहर करीब ढाई बजे वेयरहाउस में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या एसी का कंप्रेसर फटने को आग की वजह माना जा रहा है। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। दूसरी और तीसरी मंजिल पर मौजूद छात्र-छात्राएं अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे तक चले बचाव अभियान में 15 शव बाहर निकाले गए। वहीं गंभीर रूप से झुलसे और घायल 9 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हृदयविदारक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

मृतक
सुखमनी (24), लखनऊ आदित्य श्रीवास्तव (24), बिसवां, सीतापुर मोहम्मद अम्मार (24) लेखपड़ा बाग, बाराबंकी नीलेश (27), निवासी हजरतगंज, लखनऊ अब्दुल रहमान (24), बिसवां, सीतापुर संयम विज (27) कानपुर शहजान सिद्दीकी (18) बीकेटी, लखनऊ अनुक्षा (24), अवध शिल्पग्राम शांतिनगर ये भी मृतक सागर (28), लखनऊ ज्योति (26), निवासी ज्ञान विहार कॉलोनी कमता लखनऊ जैनिल (26), अनूपपुर भालुमुड़ा मध्य प्रदेश सौमाल्या (24), निवासी द्वारिका नगर नमखाना साउथ भविष्य (23), निवासी अलीगंज सूरज सिंह (27), निवासी गोविंद नगर कानपुर अनामिका।
घायल
जयंत, लवप्रीत, मो. आसिफ, भुवन श्रीवास्तव, पंकज, शैलेंद्र, अभिषेक, पंकज जोशी, गौरव कुमार।
